पर्यटन मंत्री ने कहा कि विवादित बनाकर विकास सत्ने वंचित किए गए अयोध्या धाम में भव्य दिव्य श्रीराम मंदिर निर्माण के साथ ही इसे विश्व का सबसे सुंदर शहर बनाने के लिए पर्यटन विभाग की तरफ से 400 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं चालू हैं। काशी में भव्य विश्वनाथ धाम, मथुरा वृंदावन में 300 से अधिक पर्यटन स्थलों का विकास, चित्रकूट धाम में लक्ष्मण झूला, मंदाकिनी आरती, घाटों का सुंदरीकरण, श्रृंगवेरपुर में निषादराज गुह्य का उद्यान, बहराइच में 40 एकड़ में वीर सुहेलदेव की स्मृति में परियोजना, कुशीनगर में 40 करोड़ से पर्यटन सुविधाओं का विकास, संतकबीर की स्थली, देवीपाटन आदि का विकास भी पहली बार योगी सरकार में किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने प्रयागराज के भव्य कुंभ की सफलता का भी उल्लेख किया।
योगी के नेतृत्व में अब ऊपर से देखा जाता है यूपी
पर्यटन मंत्री ने कहा कि 2017 के पहले तक उत्तर प्रदेश की गिनती राज्यों की कतार में नीचे से होती थी लेकिन आज योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को ऊपर से देखा जाता है। आज यूपी डोमेस्टिक टूरिस्ट के लिए देश में नम्बर वन है। विदेशी टूरिस्ट के लिए देश मे दूसरे स्थान पर है। सुरक्षा और सुविधा मिलने से उत्तर प्रदेश इज ऑफ डूइंग बिजनेस में देश में दूसरे नंबर पर है। उन्होंने कहा कि योगी के नेतृत्व में प्रदेश हर क्षेत्र में तेजी से विकास कर रहा है।
कांग्रेस ने नाश किया, भाजपा विकास के साथ सभ्यता, संस्कृति भी संजो रही
महोत्सव के मंच से पर्यटन मंत्री नीलकंठ तिवारी ने केंद्र में पूर्व की कांग्रेस और प्रदेश में पूर्व की सपा व बसपा सरकार पर प्रहार किया। उन्होंने 1947 से 2014 तक के कालखण्ड का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकारों ने स्व का भाव त्याग रखा था। यही हाल प्रदेश में 2017 के पहले की सरकारों का भी रहा। मगर केंद्र में पीएम मोदी और प्रदेश में सीएम योगी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार न केवल निरंतर विकास कर रही बल्कि हमारी सभ्यता, संस्कृति और पर्यटन स्थलों को भी संजोने का काम कर रही। देश और प्रदेश के विकास की रचना देश के अनुसार, युवानुकूल, देशानुकूल शुरू हुई है। गरीबों को मुफ्त में मकान, शौचालय, रसोई गैस, बिजली जैसी तमाम सुविधाएं मिल रही हैं।
गोरखपुर महोत्सव के शुभारंभ कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि व कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि गांव, गरीब, किसान और पूर्वांचल का बहुमुखी विकास, योगी सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह मुख्यमंत्री की ही देन है कि अकेले गोरखपुर में 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं को संचालित किया जा रहा है। साल भर में यहीं के कारखाने में उत्पादित खाद लोगों को मिलने लगेगी।
उन्होंने कहा कि उनकी सक्रियता व सजगता से गोरखपुर मंडल में 2.88 लाख से अधिक किसानों का 1184 करोड़ रुपये का कृषि ऋण माफ किया गया। यह कर्ज सपा सरकार में चढ़ा था। गोरखपुर मंडल में 19.70 लाख से अधिक किसानों के खाते में 2134 करोड़ रुपये की राशि पीएम किसान सम्मान निधि के तहत भेजी गई। गोरखपुर मंडल में 41 करोड़ रुपये का अनुदान कृषि यंत्रों की खरीद और 50.24 करोड़ रुपये का अनुदान बीज खरीद पर दिया गया। कृषि मंत्री ने कहा कि पूर्वांचल अध्यात्म, कला व संस्कृति का प्रमुख केंद्र है।
डॉक्यूमेंट्री में दिखी गोरखपुर के इको टूरिज्म की भव्यता
गोरखपुर महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर मुख्य मंच पर लगे एलईडी स्क्रीन से हेरिटेज फाउंडेशन द्वारा बनाई गई एक डॉक्यूमेंटी भी प्रदर्शित की गई जिसमें गोरखपुर के इको टूरिज्म की भव्यता नजर आई। 8.30 मिनट की इस डॉक्यूमेंट्री में गोरखपुर वन प्रभाग के सभी इको टूरिज्म मसलन रामगढ़ताल, निर्माणाधीन प्राणी उद्यान, 50 हेक्टेअर में बनने वाला सिटी फारेस्ट, मिनी जू विनोद वन, बुढ़िया माता मंदिर, लहड़ा माता मंदिर, परगापुर ताल के अलावा सामाजिक एवं सांस्कृतिक सौहार्द को प्रदर्शित करता अचरा का नाच दिखाया गया है। विन विभाग ने हेरिटेज फाउंडेशन से यह डॉक्यूमेंटी तैयार कराई है जिसका निर्देशन अनिल तिवारी और नरेंद्र मिश्र ने किया है।