डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन (डीएलएड) सत्र -2021-22 में प्रवेश का कार्यक्रम शासन को ओर से जारी कर दिया गया है। 20 जुलाई से आवेदन शुरू हो गए हैं। सात सितंबर तक प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं। जिले में डायट कैंपस के साथ साथ 47 कॉलेजों में कुल 3500 सीटें हैं।
दो वर्षीय प्रशिक्षण पाठ्यक्रम डीएलएड में प्रवेश के लिए मार्च में ही आदेश जारी होना था, लेकिन पंचायत चुनाव के कारण नहीं हुआ। प्रत्येक वर्ष मार्च से अप्रैल के बीच प्रवेश की प्रक्रिया पूरी की जाती है। इस बार उम्मीद थी की प्रवेश की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी, लेकिन कोरोना का संक्रमण बढ़ने व कालेजों के बंद हो जाने के कारण एक बार फिर मामला अधर में लटक गया है। कोरोना महामारी के चलते पिछले सत्र को शून्य करना पड़ा था। दूसरी लहर के बाद वर्तमान सत्र के भी शून्य होने के आसार नजर आ रहे थे। मगर शासन ने अब समय सारिणी को जारी कर दिया है।
नहीं होगी लिखित परीक्षा
शासन स्तर पर डीएलएड में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों के चयन की प्रक्रिया में बदलाव को लेकर मंथन किया जा रहा है। तय हुआ है कि बीएड की तरह की एंट्रेस एग्जाम के माध्यम से अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। मगर कोरोना महामारी की वजह से इसे लागू नहीं किया जा सका है। यानी प्रवेश पुरानी व्यवस्था के मुताबिक मेरिट के आधार पर होगा।
प्रवेश कार्यक्रम
20 जुलाई - ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की शुरूआत
10 अगस्त - रजिस्ट्रेशन कराने की अंतिम तिथि
11 अगस्त - ऑनलाइन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि
12 अगस्त - ऑनलाइन आवेदन का प्रिंट आउट लेने का समय
18-30 अगस्त - काउंसलिंग का प्रथम चरण
6 सितंबर - प्रथम चरण में आवंटित संस्थान में अभिलेखों की जांच
7 सितंबर - प्रशिक्षण प्रारंभ
13-24 सितंबर- दूसरे चरण की काउंसिलिंग
28 सितंबर - अभिलेखों की जांच, प्रवेशित अभ्यर्थियों की सूचना वेबसाइट पर अपलोड
29 सितंबर - दूसरे चरण में प्रवेशित अभ्यर्थियों का प्रशिक्षण प्रारंभ
डायट प्राचार्य बीएन सिंह ने बताया कि डीएलएड प्रशिक्षण 2021 में प्रवेश का कार्यक्रम शासन स्तर से जारी हो गया है। 20 जुलाई से पंजीकरण कराया जा सकता है। फिलहाल मेरिट के आधार पर ही पूर्व की भांति प्रवेश लिया जाएगा।