आदित्यनाथ आर्य और सर्वेश मिश्रा।
- फोटो : अमर उजाला।
विद्यार्थियों में सृजनशीलता एवं रचनात्मक सोच को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई इंस्पायर अवार्ड योजना के तहत, जनपद गोरखपुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय बेलकुर ब्लॉक गगहा के छात्र आदित्यनाथ आर्य व सर्वेश मिश्र चुने गए हैं। दोनों छात्रों को 10-10 हजार रुपये पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। साथ ही राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी ये दोनों हिस्सा लेंगे।
प्रतियोगिता के लिए देश भर से प्राप्त हुए लाखों प्रोजेक्ट में से उत्तर प्रदेश से 1722 विद्यार्थियों को चुना गया है। जिनमें से बेलकुर गांव के रहने वाले आदित्यनाथ के पिता टेंपो चालक तो सर्वेश के पिता एक किसान हैं। आदित्यनाथ ने मछली पालन के अपशिष्ट से वाटर कूलर का निर्माण तो सर्वेश ने दृष्टिहीन या बुजुर्ग व्यक्तियों को पानी में फिसल कर गिरने से बचाने वाली छड़ी पर अपना प्रोजेक्ट को तैयार किया है।
पूर्व में भी उच्च प्राथमिक विद्यालय बेलकुर से प्रत्येक वर्ष राष्ट्रीय छात्रवृत्ति परीक्षा, खेलकूद, विज्ञान प्रतियोगिता आदि में छात्र सम्मानित होते रहे हैं। प्रधानाध्यापक शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि यह सफलता बच्चों की मेहनत व उनके मार्गदर्शक अध्यापक प्रवीण कुमार मिश्र व अमित यादव के मार्गदर्शन का परिणाम है। इस वर्ष पहली बार इंस्पायर अवार्ड के लिए चार बच्चों को प्रतिभाग कराया था, जिनमें दो बच्चों का चयन हुआ है।
इन्होंने दी बधाई
बच्चों की सफलता पर बेसिक शिक्षा अधिकारी आरके सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी गगहा मिनहाज आलम, जिला समन्वयक प्रशिक्षण विवेक जायसवाल, राजेश धर दूबे, श्रीधर मिश्र, सुमन्त सिंह, रामस्नेही आदि ने बधाई दी है।