गोरखपुर की बैडमिंटन स्टार आदित्या यादव।
- फोटो : अमर उजाला।
थाईलैंड के पटाया में 14-20 सितंबर तक आयोजित होने वाले एशिया डेफ बैडमिंटन चैंपियनशिप में गोरखपुर की बैडमिंटन स्टार और डेफ ओलंपिक की गोल्ड मेडलिस्ट आदित्या यादव भी हिस्सा लेंगी। सोमवार को आदित्या 14 सदस्यीय दल के साथ दिल्ली से थाइलैंड के लिए रवाना हो गईं है।
आदित्य जूनियर और सीनियर दोनों ही वर्गों में एकल, युगल व मिश्रित युगल प्रतियोगिताओं में दमखम दिखाएंगी। 12 वर्षीय आदित्या यादव ने ब्राजील डेफ ओलंपिक में बैडमिंटन की टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया था। उस जीत के साथ ही अगली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भी उनका चयन पक्का माना जा रहा था।
करीब एक महीने पहले ही एशिया चैंपियनशिप में उनके खेलने की बाबत संदेश मिल गया था। इस प्रतियोगिता को लेकर उत्साहित आदित्या तभी से लगातार प्रैक्टिस कर रही थीं। बैडमिंटन को लेकर उनके समर्पण का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गोरखपुर में सामान्य खिलाड़ियों के लिए आयोजित पूर्वी जोन बैडमिंटन चैंपियनशिप में यूपी की टीम को रजत पदक जिताने में अहम भूमिका निभाई।