चिलुआताल। पीपीगंज थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर पचवारा खास के टोला परसौना निवासी 17 वर्षीय प्रिंस निषाद की मौत के मामले में पुलिस की जांच आगे बढ़ने के बाद दो नाबालिगों पर कार्रवाई की गई है। पुलिस ने सोमवार को प्रिंस की नाबालिग प्रेमिका और उसके दोस्त को पकड़कर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया, जहां से दोनों को सुधार गृह भेज दिया गया।
प्रिंस 23 सितंबर की सुबह मोहरीपुर चौराहे से बेतियाहाता स्थित कोचिंग जाने के लिए निकला था। घर नहीं लौटने पर परिजन ने उसकी तलाश शुरू की। कोई जानकारी नहीं मिलने पर पिता नंदकिशोर ने चिलुआताल थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। 28 सितंबर को प्रिंस का शव चिलुआताल क्षेत्र के महेसरा-सेखपुरवा गांव के पास पानी में उतराता मिला था। पोस्टमार्टम में मौत डूबने से होने की पुष्टि हुई। पिता नंदकिशोर ने अज्ञात लोगों पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया था।