खोराबार थाना क्षेत्र में असलहा ताने शख्स की फोटो वायरल हुई।
- फोटो : अमर उजाला।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के खोराबार के हक्का बाद गांव में बुधवार दोपहर में लगाए जा रहे नए ट्रांसफार्मर का कार्य निवर्तमान प्रधान पति ने रोक दिया। आरोप है कि ट्रांसफार्मर लगवा रहे गांव के लोगों को गाली देने लगे। इसी दौरान रिश्तेदारों को बुलाकर असलहा तनवा दिया और गोली चलवा दी। गनीमत थी कि गोली मिस हो गई।
गांव के एक रिटायर्ड सिपाही ने असलहा तानने वाले को पकड़ लिया लेकिन वह हाथ छुड़ाकर फरार हो गया। इस दौरान व्यक्ति की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्ष को थाने लाई। रिटायर्ड सिपाही ने पुलिस को तहरीर दी है। आरोपी का पिस्टल निकालकर ताने हुए फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया
जानकारी के मुताबिक, हक्का बाद निवासी और रिटायर्ड सिपाही देवमन यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि उनके गांव का ट्रांसफार्मर कई दिनों से खराब था। बुधवार को नया ट्रांसफार्मर आया तो लोग उसे पोल पर चढ़वा रहे थे। इस दौरान गांव की निवर्तमान प्रधान के पति जो इस बार चुनाव हार गए हैं, अपने भाई के साथ वहां पर पहुंच गए और कहा कि तुम लोगों ने वोट नहीं दिया है, इसलिए ट्रांसफार्मर नहीं लगने दूंगा। वह गाली देने लगे।