- गोरखपुर जीआरपी थाने में दर्ज है आठ मामले, गैंगस्टर की भी हो चुकी है कार्रवाई
- अयोध्या के कोतवाली थाने के बेनीगंज पुलिस चौकी क्षेत्र में रहता है आरोपी
गोरखपुर। रेलवे स्टेशन व ट्रेनों में चोरी करने के आरोपी चोर को जीआरपी ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान अयोध्या के कोतवाली क्षेत्र के बेनीगंज निवासी शहजादे के रूप में हुई। उसके पास दो एंड्रायड मोबाइल मिले हैं, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई जा रही है। पूछताछ में उसने गोरखपुर रेलवे स्टेशन से मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार की है। आरोपी के विरुद्ध जीआरपी थाने में गैंगस्टर समेत आठ केस दर्ज हैं।
रेलवे एसपी संदीप कुमार मीना के मार्गदर्शन में यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत रेलवे स्टेशन, सर्कुलेटिंग एरिया, ट्रेनों में अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों की गिरफ्तारी, अवैध शराब की तस्करी व चोरी की घटनाओं के रोकथाम व बरामदगी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के क्रम में पुलिस उपाधीक्षक रेलवे विनोद कुमार के पर्यवेक्षण में जीआरपी ने रविवार को रेलवे स्टेशन गेट नंबर एक पर स्थित पीपल के पेड़ के पास से शहजादे को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी की दो अदद मोबाइल बरामद कर जब्त कर लिया।
पुलिस उपाधीक्षक रेलवे विनोद कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपी शहजादे ने बताया गया कि रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म व ट्रेन के अंदर कई यात्रियों का मोबाइल चोरी कर चुका हूं। चलती ट्रेनों व प्लेट फार्मों पर सो रहे यात्रियों के मोबाइल चोरी कर चलते-फिरते बेच देता हूं। जो पैसा मिलता है उसी से अपना खर्चा चलाता हूं।