गोरखपुर जिले में गुलरिहा इलाके के बरगदहीं के पास से महिला से लूट की कोशिश और उसी रात सरैया बाजार के पास पिता-बेटी से लूट के आरोपी को शुक्रवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से पुलिस ने दो हजार रुपये नकद, लूट में इस्तेमाल बाइक और तमंचा बरामद कर लिया है।
आरोपी गैंगस्टर का अभियुक्त है और शातिर बदमाश है। उसे पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेजा गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान पिपराइच के मंझरिया जंगल धूसड़ निवासी शिवकुमार गुप्ता के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक, नौ अगस्त को बरगदही में एक महिला से पर्स लूट की कोशिश बदमाश ने की थी। छीना-झपटी में महिला गिरकर चोटिल हो गईं थीं। उसी रात 9:30 बजे सरैया बाजार के समीप चक्खान मोहम्मद निवासी संगम तिवारी अपनी पुत्री लक्ष्मी देवी व भतीजी को लेकर बाइक से जा रहे थे, उनसे पर्स लूट हुई थी।
पर्स में मंगलसूत्र, सोने की चेन व नगदी के साथ एक मोबाइल फोन भी था। पुलिस दोनों ही मामलों में केस दर्ज कर आरोपी की तलाश में थी। शुक्रवार को बरगदही के पास से चेकिंग के दौरान बदमाश शिवकुमार पकड़ा गया। पूछताछ में उसने सोने के जेवरात को नेपाल के बॉर्डर पर बेचने की बात कही। पूछताछ में उसके साथी का नाम सामने आया है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम लगी है।
लूट के आरोपियों को नकदी के साथ दबोचा
उरूवा पुलिस ने लूट के आरोपियों को शुक्रवार को 45 सौ रुपये नकद के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान टड़वा श्रीराम निवासी शुभम राय और दीपक राय के रूप में हुई। जानकारी के मुताबिक, 28 अगस्त को उरूवा चौराहे पर पकौड़ी की दुकान लगाने वाले मंटू और उनकी पत्नी निवासी बाथ बुजुर्ग कोनी थाना गोला बाजार दुकान बंद करके घर जा रहे थे। टड़वा श्रीराम के पास रास्ते में उन्हें मारपीट कर उनके पास से 5200 रुपये अभियुक्तों ने छीन लिए थे। पुलिस केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही थी। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।