गगहा। गगहा थाना क्षेत्र के दो युवकों पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दो-दो पासपोर्ट बनवाने का आरोप लगा है। मामले में एक शिकायतकर्ता ने पासपोर्ट की प्रतियों के साथ एसएसपी से शिकायत कर जांच और कार्रवाई की मांग की है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों ने जांच शुरू करा दी है और स्थानीय पासपोर्ट कार्यालय से भी जानकारी मांगी गई है।
गगहा क्षेत्र के परेशापार निवासी रवि कुमार ने एसएसपी को दिए गए शिकायत पत्र में आरोप लगाया है कि भैंसहा बुजुर्ग निवासी एक युवक और परेशापार के ही दूसरे युवक ने नाम की स्पेलिंग तथा जन्मतिथि में बदलाव कर फर्जी दस्तावेज तैयार किए। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर उन्होंने पुलिस सत्यापन और पासपोर्ट प्रक्रिया को प्रभावित कर एक से अधिक पासपोर्ट हासिल कर लिए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि दोनों युवकों ने सुनियोजित तरीके से दस्तावेजों में हेराफेरी कर यह कार्य किया है।
पत्र में यह भी आशंका जताई गई है कि ऐसे पासपोर्टों का इस्तेमाल भविष्य में किसी गैरकानूनी अथवा राष्ट्रविरोधी गतिविधि में किया जा सकता है। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों ने प्रारंभिक स्तर पर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए संबंधित अभिलेखों का परीक्षण कराया जा रहा है।
एसपी साउथ दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। स्थानीय पासपोर्ट कार्यालय से भी आवश्यक ब्योरा मांगा गया है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।