गोरखपुर जिले के बड़हलगंज इलाके के नेवादा गांव में एक वृद्ध की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वृद्ध की बड़ी बहू ने देवर पर जमीन के लिए हत्या का आरोप लगाकर तहरीर दी है। बुजुर्ग के शरीर पर चोट के निशान नही हैं। ऐसे में पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है। बुजुर्ग के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
जानकारी के मुताबिक, छोटेलाल गौड़ (75) निवासी पंचायत नेवादा के दो पुत्र हैं। बड़ा पुत्र राजन गुजरात में रह कर नौकरी करता है। छोटा पुत्र 32 वर्षीय कृष्णा उर्फ टार्जन गांव में ही अपनी पत्नी व पुत्री के साथ रहता है। पिता के नाम से नेवादा फोरलेन पर चार डिसमिल जमीन थी।
आरोप है कि कृष्णा अपने हिस्से की दो डिसमिल जमीन बेचना चाहता था। इसके लिए गांव के ही एक व्यक्ति से धनराशि भी ले ली थी। जमीन बेचने के लिए पिता पर दबाव भी बनाया लेकिन वह तैयार नहीं हुए। इस कारण कृष्णा आए दिन मारपीट करने लगा।
आरोप है कि बुधवार की रात भी कृष्णा ने अपने पिता को मारापीटा और रात में सोने में गला दबा दिया। बृहस्पतिवार की सुबह बड़ी बहू जब उन्हें जगाने गई तो वह मृत पड़े हुए थे। बहू के चीखने पर आसपास के लोग जुटे। बहू व भतीजे का आरोप है कि नशे में धुत कृष्णा ने ही रात में अपने पिता की गला दबा कर हत्या कर दी।
पट्टीदारों ने इस मामले की सूचना बृहस्पतिवार को पुलिस को दी। सूचना पाकर बड़हलगंज पुलिस मौके पर पहुंची। उधर, मृतक की बड़ी बहू ने थाने पर तहरीर दे दी। इंस्पेक्टर राणा देवेंद्र पाल सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध है। मृतक लकवे व बीपी का मरीज था। शरीर पर चोट का कोई प्रत्यक्ष निशान नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट होगी, फिर आगे की कार्रवाई की जाएगी।