- बेटी की गलती से नाराज हैं पिता, रिश्तेदार के घर रहती है पीड़िता
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। गगहा इलाके के एक गांव की किशोरी का अपहरण कर दुष्कर्म करने के आरोपी को बुधवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मध्यप्रदेश का रहने वाला है और किशोरी को वहीं लेकर गया था। उससे एक मंदिर में शादी करके रखा था, लेकिन पुलिस ने जब तलाश शुरू की तो ले जाने के 20 दिन बाद ही छोड़ गया था।
बुधवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया। उधर, नाराज पिता ने बेटी से रिश्ता तोड़कर उसे घर से बेदखल कर दिया है। हालांकि, मां ने रिश्ता नहीं तोड़ा है और उसकी मदद से ही वह रिश्तेदार के घर पर रहती है।
पकड़े गए आरोपी की पहचान मध्यप्रदेश के सिहोर जिला के अहमदपुर थाना क्षेत्र के पाडल्या निवासी निकिल अहिरवार के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया की मदद से किशोरी की दोस्ती निकिल से हो गई। इसके बाद दोनों आपस में बातचीत करने लगे। 27 मार्च की रात में नौ बजे घर से शौच के बहाने बाहर निकली किशोरी लापता हो गई।
घरवालों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। बाद में पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर केस दर्ज कर संपर्क किया तो किशोरी को मध्यप्रदेश से उसने घर भेज दिया।
थाने पर आई किशोरी प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ गई, लेकिन उसकी उम्र कम होने की वजह से पुलिस ने मेडिकल कराकर दुष्कर्म की धारा बढ़ा दी और पीड़िता को उसकी मां को सुपुर्द कर दिया। तभी से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।
बुधवार को आरोपी निकिल फिर गगहा आ गया। खबर है कि वह मिलने के फिराक में था, इसी बीच पुलिस ने उसे पकड़ लिया।