दुकानदार पर फायरिंग कर मोबाइल फोन और रुपये लूट में पुलिस ने तीन को गिरफ्तार कर भेजा जेल
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के बैदौली गांव के पास तीन दिन पूर्व रात में बुलेट सवार तीन युवकों ने असलहा दिखाकर दुकानदार से नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया। इस दौरान फायरिंग और बट से दुकानदार पर हमला भी किया गया। पुलिस ने दुकानदार की तहरीर पर लूट, जानलेवा हमला सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी थी। तीनों आरोपियों को बुधवार रात को पड़री बाजार-कोल्हुआ मार्ग पर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन और 1160 रुपये बरामद किया है।
एसओ नवीन चौधरी ने बताया कि बैदौली गांव निवासी बशिष्ठ यादव की श्रीराम चौराहे पर गांव की बगल में सड़क किनारे जनरल स्टोर की दुकान हैं। मंगलवार की रात दुकान पर एक युवक तमंचा लहराते हुए बशिष्ठ के पास पहुंचा और कनपटी पर तमंचा सटाकर काउंटर में रखे रुपये की मांग करने लगा। दुकानदार ने काउंटर में रखा 1735 रुपये निकाल कर दे दिया। इसी बीच आरोपी युवक के दो और साथी पीछे से आ पहुंचे। हमलावरों ने पाकेट से मोबाइल फोन भी छीन लिया। दुकानदार विरोध किया तो तमंचा लिए युवक ने फायरिंग दी। हालांकि गोली दुकानदार की कनपटी के बगल से होते हुए निकल गई। उन्होंने बताया कि फिर उसके दो साथियों ने युवकों ने दुकानदार को पकड़ लिया और तमंचा लिए युवक ने बट से उसके सिर पर प्रहार कर भाग निकले। दुकानदार की तहरीर पर लूट, जानलेवा हमला सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई। बुधवार की रात मुखबिर से सूचना मिली कि बाइक पर सवार तीन युवक पड़री बाजार-कोल्हुआ मार्ग पर दिखाई दिए हैं। पुलिस तत्काल पहुंची। तीनों भागने का प्रयास किए। दौड़ाकर पकड़ लिया गया। पूछताछ में एक ने अपना नाम रवि यादव उर्फ गोलू निवासी भरौली थाना लार, दूसरे ने आनंद यादव ग्राम श्रीनगर थाना मईल और तीसरे ने पंकज यादव निवासी असना थाना खुखुंदू बताया। तलाशी के दौरान घटना में इस्तेमाल तमंचा, 1160 रुपये और मोबाइल फोन बरामद किए गए। पीड़ित ने स्वयं आरोपी युवकों की पहचान की है।