पिपराइच इलाक के नथूवा के पास हादसा, बाइक चला रहा युवक घायल
पिपराइच। नथूवा के पास मंगलवार सुबह सड़क हादसे में 45 वर्षीय विद्यावती देवी की मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहा युवक अनिकेत घायल हो गया।
पिपराइच थाना क्षेत्र के नथूवा में विद्यावती की साड़ी अचानक ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में फंसने से वह सड़क पर गिर गईं और ट्रॉली के पिछले पहिये की चपेट में आ गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
जानकारी के अनुसार, गुलरिहा थाना क्षेत्र के जैनपुर टोला मकसूदाबाद निवासी विद्यावती देवी मधपुर रामपुर झुड़िया में अपने मामा के घर आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। मंगलवार सुबह वह अपनी बहन के बेटे अनिकेत के साथ बाइक से घर लौट रही थीं।
बताया जा रहा है कि नथूवा के पास सामने से आ रही ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में अचानक महिला की साड़ी फंस गई। इससे वह बाइक से गिरकर कुछ दूरी तक घिसटती चली गईं। इसी दौरान ट्रॉली का पिछला पहिया उनके ऊपर चढ़ गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे में बाइक चालक अनिकेत भी घायल हो गया।
घटना के बाद चालक, ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस और हलका दरोगा रमेश साहनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया तथा ट्रैक्टर-ट्रॉली को थाने ले गई। एसआई रमेश साहनी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। भागे चालक की तलाश जारी है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।