तकनीक का प्रयोग जितना अधिक बढ़ रहा है, सुरक्षा को लेकर खतरा भी उसी रफ्तार से बढ़ रहा है। हो सकता है कि आपको पता न हो और आपके भूमि अभिलेख, आधार कार्ड व पैन कार्ड की क्लोन कॉपी किसी अपराधी के पास हो और इसके जरिए या तो आपके खाते से पैसा ट्रांसफर हो गया हो अथवा आपके नाम पर खाता खोलकर पैसा निकाला जा रहा हो।
गोरखपुर में इस तरह का एक मामला पकड़ में भी आया है। जिसके बाद अब ऑनलाइन अभिलेखों की सुरक्षा को लेकर सख्त उपाय अपनाए जाने की जरूरत महसूस होने लगी है।
गोरखपुर में साइबर जालसाजों का एक गैंग पकड़ा गया है। इस गैंग ने देश के विभिन्न हिस्सों से लोगों के जमीन की रजिस्ट्री का पेपर निकालकर वहां से अंगूठे का निशान व आधारकार्ड नंबर आदि जुटाया है। कुछ लोगों का डिटेल फोटोकॉपी की दुकान से एकत्रित किया गया है। इन डिटेल के आधार पर ही इस गैंग ने बैंक में खाता खोलकर पैसा निकालने व ट्रांसफर करने का काम किया था। इस काम को संगठन ने इतनी आसानी से अंजाम दिया था कि मामले की विवेचना में जुटे पुलिस अधिकारी भी हैरत में पड़ गए।
इसे भी पढ़ें- आधार कार्ड नंबर, फिंगर प्रिंट का निशान चोरी कर खाते से उड़ाते थे रुपये, 11 गिरफ्तार
एसएसपी दिनेश कुमार प्रभु का कहना है कि पहली बार इस तरह का मामला सामने आया है जबकि लोगों के अभिलेख से भी डॉटा चुराए गए हैं। इसलिए मामले की विवेचना पूरी होने के साथ ही शासन को एक रिपोर्ट भी भेजी जाएगी। जिसमें इस बात की सिफारिश होगी कि जमीन की रजिस्ट्री समेत अन्य जो भी अभिलेख ऑनलाइन हैं उनकी सुरक्षा के लिए विशेष उपाय होना चाहिए। इसके अलावा ऐसे किसी डॉटा को डाउनलोड करने के लिए संबंधित व्यक्ति की सहमति जरूरी होनी चाहिए।