- सहजनवां थाना क्षेत्र की थी घटना, मां की तहरीर पर पत्नी व ससुराल पक्ष के लोगों पर केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
सहजनवां। थाना क्षेत्र के थरुआपार चौराहे पर ससुराल में रह रहे युवक ने तीन नवंबर को पत्नी से विवाद के बाद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। अब मृतक की मां ने तहरीर देकर युवक की पत्नी और उसके माता-पिता पर प्रताड़ित करने व मानसिक रूप से परेशान कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने रविवार को तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संतकबीरनगर के धमैचा निवासी जय सिंह की पत्नी उर्मिला ने बताया कि उनके बेटे पंकज की शादी दो फरवरी को सहजनवां क्षेत्र के सिघोरवा निवासी काजल से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद काजल का व्यवहार ठीक नहीं रहा और वह आए दिन पति व परिवार को दहेज मुकदमे में फंसाने की धमकी देती थी। इसी कलह के चलते पंकज अपनी पत्नी के साथ उसके मायके आकर रहने लगा। उर्मिला ने बताया कि तीन नवंबर की रात सूचना मिली कि पंकज ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। तहरीर के आधार पर पंकज की पत्नी काजल, उसके पिता जितेंद्र सिंह और मां पूनम के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी महेश चौबे ने कहा कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। इसकी जांच की जा रही है।