गोरखपुर। राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) की ओर से 15 से 27 जून तक आयोजित 49वें संयुक्त आतंकवाद विरोधी अभ्यास में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इस अभ्यास में विभिन्न केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों व राज्य पुलिस बलों की कुल 09 टीमें (कुल 152 प्रतिभागी) शामिल हुईं। प्रत्येक टीम में 18 प्रशिक्षित कमांडो शामिल थे।
अभ्यास के दौरान विभिन्न सामरिक व परिचालन दक्षताओं का परीक्षण किया गया। इस संयुक्त अभ्यास का उद्देश्य किसी भी आतंकवादी या विशेष विषम परिस्थिति में एनएसजी, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों व राज्य पुलिस बलों के मध्य बेहतर समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया व प्रभावी कार्रवाई की क्षमता को और अधिक सुदृढ़ करना था। सभी टीमों का मूल्यांकन उनके समग्र प्रदर्शन के आधार पर किया गया।
रेलवे प्रशासन के मुताबिक, यह उपलब्धि आरपीएफ की बढ़ती आतंकवाद-रोधी क्षमता, पेशेवर दक्षता, उच्च स्तरीय प्रशिक्षण व परिचालन तत्परता का प्रमाण है। यह उपलब्धि बल के आधुनिकीकरण व क्षमता निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।