सरदारनगर (गोरखपुर)। चौरीचौरा थाना क्षेत्र के सरैया चीनी कॉलोनी में शनिवार देर रात बदमाशों ने घर में घुसकर 80 हजार रुपये नकद, जेवरात और तीन मोबाइल फोन लूट लिए। पीड़िता पिंकी पासवान ने गांव के ही तीन युवकों पर मारपीट कर तमंचा दिखाकर वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने घर में सो रही थीं, तभी देर रात सरैया निवासी राजेश, समरू और पिंटू घर में घुस आए। आरोप है कि तीनों ने पहले परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और विरोध करने पर तमंचा सटाकर डराया। इसके बाद घर में रखे 80 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात और तीन मोबाइल फोन लूटकर भाग गए।
घटना की सूचना मिलते ही चौरीचौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़िता व आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद तीनों आरोपियों को रात में ही हिरासत में ले लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है ताकि वारदात के पीछे की साजिश और अन्य पहलुओं का पता लगाया जा सके।
एसपी साउथ दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रथमदृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। लूट और मारपीट के आरोप की हर पहलू से जांच की जा रही है।