गोला (गोरखपुर)। नगर पंचायत के एक शिक्षक नेता ने क्रिप्टो करेंसी और बिटकॉइन में निवेश के नाम पर ठगी का आरोप लगाते हुए पुलिस से मदद मांगी है। पीड़ित शिक्षक ने तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और धन वापसी की गुहार लगाई है।
नगर पंचायत के वार्ड संख्या नौ निवासी प्राथमिक शिक्षक संघ के मंत्री डॉ. विनोद कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि नगर पंचायत के अतरौरा गांव निवासी एक व्यक्ति ने उन्हें टोकन पाकेट, क्रिप्टो करेंसी और बिटकॉइन में निवेश कर मोटा मुनाफा दिलाने का लालच दिया। वर्ष 2024 में पीड़ित ने अपनी पत्नी और साथी के खाते में कुल तीन बार 1,39,150 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए। पीड़ित का आरोप है कि निवेश पर लाभ न मिलने पर जब उन्होंने राशि वापस मांगी, तो आरोपी पिछले एक साल से उन्हें टालमटोल कर रहा है। थानाध्यक्ष राकेश रोशन सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद