गोरखपुर। गीडा की फर्नीचर कंपनी डैक अपने कारोबार का विस्तार करने जा रही है। कंपनी संतकबीरनगर और बिहार के गोपालगंज में दो नई फैक्टरियां स्थापित करेगी। दोनों इकाइयों पर करीब 118 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। वहीं, कंपनी शेयर बाजार में लिस्टिंग की तैयारी भी कर रही है। इसके जरिये 300 करोड़ रुपये से अधिक की पूंजी जुटाने का लक्ष्य है। लिस्टिंग के लिए कंसल्टेंट तय कर लिया गया है। जरूरी कागजी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
कंपनी के प्रबंध निदेशक डॉ. आरिफ साबिर के मुताबिक, संतकबीरनगर के औद्योगिक क्षेत्र में दो लाख वर्ग फीट में नई यूनिट स्थापित की जा रही है। इस पर करीब 55 करोड़ रुपये खर्च होंगे। अगले छह महीने के भीतर यहां उत्पादन शुरू होने की उम्मीद है। वहीं, बिहार के गोपालगंज में बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (बियाडा) से पांच एकड़ जमीन आवंटित कराई गई है। यहां करीब 63 करोड़ रुपये के निवेश से फैक्टरी लगाई जाएगी।
यूनिट का सिविल वर्क शुरू हो चुका है। डैक फर्नीचर की पहली फैक्टरी वर्ष 2018 में गीडा में 42 करोड़ रुपये के निवेश से शुरू हुई थी। आठ साल में कंपनी ने अपना कारोबार उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और झारखंड तक फैला लिया है। इन राज्यों में कंपनी की 128 फ्रैंचाइजी हैं। इसके अलावा नेपाल में चार फ्रैंचाइजी संचालित हैं। इस तरह कंपनी की कुल फ्रैंचाइजी की संख्या 132 हो गई है। कंपनी विदेशों में भी अपने उत्पादों की आपूर्ति कर रही है। ऑस्ट्रेलिया और सऊदी अरब समेत अन्य बाजारों में हर साल 20 से 25 करोड़ रुपये कीमत के फर्नीचर का निर्यात किया जाता है। नई फैक्टरियों से उत्पादन क्षमता बढ़ने के साथ कारोबार का दायरा भी बढ़ने की उम्मीद है।
एमएसएमई आईपीओ से जुटाएगी पूंजी
गीडा में स्थानीय उद्यमी भी कारोबार बढ़ाने के लिए शेयर बाजार का रुख कर रहे हैं। इससे पहले गैलेंट और क्रेजी स्नैक्स की शेयर बाजार में लिस्टिंग हो चुकी है। अब डैक फर्नीचर भी इसी दिशा में आगे बढ़ रही है। कंपनी की योजना एमएसएमई प्लेटफॉर्म पर सूचीबद्ध होने की है। इसके लिए जरूरी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।