गीडा थाने के पास की घटना, पुलिस ने समझाकर नीचे उतारा
परिजनों ने दूसरी जगह तय कर दी थी शादी
गीडा/पिपरौली। बेलीपार के बाद अब गीडा थाना क्षेत्र में प्रेमी से शादी के जिद पर अड़ी एक युवती के पानी की टंकी पर चढ़ जाने का मामला सामने आया है। गीडा थाने के पास बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती पानी की टंकी पर चढ़ गई। सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया और परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
बताया जा रहा है कि गीडा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती का खजनी थाना क्षेत्र निवासी एक युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा है। परिजनों ने युवती की शादी कहीं और तय कर दी थी, जबकि वह अपने प्रेमी से ही विवाह करने पर अड़ी थी। इसी बात से नाराज होकर बुधवार दोपहर वह घर से निकल गई और थाने के बगल में स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गई।
टंकी के रेलिंग से युवती जोर-जोर से चिल्लाने लगी, जिससे राहगीरों की नजर उस पर पड़ी और भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती को समझाने की कोशिश की लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही। काफी समझाने-बुझाने के बाद करीब दो घंटे बाद वह नीचे उतरने को तैयार हुई। नीचे उतरते ही पुलिस ने उसे अपने साथ थाने ले जाकर समझाया। बाद में परिजनों को बुलाकर युवती को उनके सुपुर्द कर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक अश्वनी पांडेय ने बताया कि मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।