स्मार्ट बाजार में हुआ मारपीट सीसीटीवी कैमरे में हुआ कैद। स्रोत सोशल मीडिया
कैंट थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर स्थित स्मार्ट बाजार में खरीदारी करने गए करन सिंह के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि बिलिंग को लेकर हुए विवाद के बाद स्मार्ट बाजार के कैशियर और अन्य कर्मचारियों ने मिलकर करन को कमरे में बंद कर पीटा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
वहीं, दूसरी ओर घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें ग्राहक, कैशियर को थप्पड़ मारते हुए दिखाई दे रहा है। मामले में दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।
फिलहाल, मोहद्दीपुर निवासी करन सिंह की तहरीर पर कैंट थाने में स्मार्ट बाजार के बिल काउंटर पर बैठे कैशियर श्याम चौबे, रणवीर समेत 10-12 अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ रविवार देर रात प्राथमिकी दर्ज की गई है। उधर, स्मार्ट बाजार के कर्मचारी पक्ष की ओर से भी तहरीर देने की तैयारी की जा रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में ग्राहक की ओर से कैशियर को थप्पड़ मारते हुए देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत बिलिंग लाइन को लेकर हुई थी। कैशियर श्याम चौबे का आरोप है कि करन सिंह घरेलू सामान की बिलिंग करवा रहे थे, तभी उन्हें और सामान लेने की याद आई।
वे अपनी टोकरी काउंटर पर रखकर दोबारा सामान लेने चले गए। इस दौरान पीछे खड़े अन्य ग्राहकों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस पर कैशियर ने करन की बिलिंग रोककर दूसरे ग्राहक का बिल बनाना शुरू कर दिया। लौटने पर करन सिंह ने इसका विरोध किया और इसी दौरान विवाद बढ़ गया।
करन सिंह का कहना है कि रविवार अपराह्न करीब तीन बजे वह अपने परिवार के साथ स्मार्ट बाजार में खरीदारी करने गए थे। करीब एक घंटे तक सामान लेने के बाद वह बिलिंग काउंटर पर पहुंचे। इसी दौरान कर्मचारी ने उसका बिल छोड़कर दूसरे ग्राहक का बनाना शुरू कर दिया।
विरोध पर कर्मचारी ने गाली-गलौज की और धमकी दी। आरोप है कि इसके बाद स्टोर के 10-12 कर्मचारी इकट्ठा हो गए और उन्हें घसीटते हुए एक कमरे में ले जाकर बंद कर दिया। वहां लात-घूंसे से उनकी पिटाई की गई। परिवार के लोग बाहर से बचाने की गुहार लगाते रहे। मारपीट में उन्हें गंभीर चोटें आईं और स्टोर में मौजूद अन्य ग्राहक भी दहशत में आ गए।
इस संबंध में कैंट थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने स्टोर पहुंचकर पूछताछ की है। दूसरे पक्ष की ओर से भी आरोप लगाए गए हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।