कैंपियरगंज। थाना क्षेत्र के लोहरपुरवा मोड़ के पास शुक्रवार रात सनगद निवासी लवकुश की मौत हो गई। वह खलासी का काम करता था। शुक्रवार रात वह गोरखपुर से सामान लादकर फरेंदा की ओर जा रहा था। रात करीब आठ बजे जब वाहन लोहरपुरवा मोड़ के पास पहुंचा, तो चालक ने गाड़ी रोक दी और लवकुश से वाहन देखने को कहकर स्वयं शौच के लिए चला गया।इसी दौरान सड़क किनारे खड़े लवकुश को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इसमें लवकुश के सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना से परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने बाद में शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक के पिता रामबहाल ने कैंपियरगंज थाने में तहरीर देकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी राकेश कुमार रोशन ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। संवाद