चिल्लूपार। बड़हलगंज कोतवाली क्षेत्र के मधुपुर चौराहे पर मछली बेच रहे एक युवक के साथ मारपीट कर मछली और नकदी छीन लेने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ददरी गांव निवासी अनिल साहनी ने तहरीर में बताया कि वह अपने गांव से मधुपुर चौराहे पर मछली बेचने गया था। शाम के समय खैरवा गांव के पांच युवक पहुंचे और मछली खरीदने की बात करने लगे। इसी दौरान मछली के दाम को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। पीड़ित के अनुसार, विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी भी दी। आरोप है कि हमलावर उसके पास रखी करीब छह किलो मछली और चार हजार रुपये नगद छीनकर मौके से भाग निकले। इस संबंध में इंस्पेक्टर सुनील कुमार राय ने बताया कि तहरीर मिल गई है। इस मामले की जांच की जा रही है।