घटनास्थल पर जांच करते पुलिस व फॉरेंसिक विभाग की टीम
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
शहर के गोरखनाथ थाना क्षेत्र में 9 साल के एक बच्चे की तालाब में डुबोकर हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक बच्चा कबाड़ बीनने का काम करता था और अपने परिवार के साथ झुग्गी-झोपड़ी में रहता था।
पुलिस ने इस मामले में पड़ोस में रहने वाले 15 वर्षीय बाल अपचारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गोरखनाथ क्षेत्र के हुमायूपुर उत्तरी में खाली जमीन पर असम से आए कई परिवार झुग्गी-झोपड़ी बनाकर रहते हैं। ये लोग कबाड़ बीनकर अपना गुजारा करते हैं। इन्हीं में रहने वाले अब्दुल का 9 वर्षीय बेटा मोमिनुल हक रविवार शाम इफ्तार के बाद घर से निकला था।
परिजनों के मुताबिक वह पड़ोस में रहने वाले एक किशोर के साथ बाहर गया था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। बेटे के घर न लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की और बाद में पुलिस को उसके लापता होने की सूचना दी। सोमवार सुबह करीब 10 बजे रेलवे पटरी के पास स्थित एक तालाब में बच्चे की लाश मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची गोरखनाथ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की तो पता चला कि बच्चा आखिरी बार पड़ोस में रहने वाले एक किशोर के साथ देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने तत्काल उस 15 वर्षीय लड़के को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान आरोपी किशोर ने बताया कि वह शराब के नशे में था और उसी दौरान उसने बच्चे को तालाब में धक्का दे दिया, जिससे उसकी डूबकर मौत हो गई। आरोपी के बयान के बाद पुलिस ने उसे अभिरक्षा में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
अन्य एंगल से भी जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं भी चल रही हैं। स्थानीय लोग इस बात की भी आशंका जता रहे हैं कि कहीं बच्चे के साथ कोई गलत काम तो नहीं किया गया। इस संभावना को देखते हुए पुलिस अन्य पहलुओं से भी जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह और अन्य तथ्यों की स्पष्ट जानकारी मिल पाएगी।
बच्चे के पिता ने पुलिस को फोन कर सूचना दी थी कि उनके बेटे को पड़ोस में रहने वाले किशोर ने तालाब में डुबोकर मार डाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी नाबालिग है और उसकी उम्र करीब 15 वर्ष है। किशोर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है: रवि सिंह, सीओ गोरखनाथ