ग्राहक सेवा केंद्र कर्मचारी को चाकू मारकर 7.5 लाख की लूट
कुशीनगर। जिले के तरयासुजान थानाक्षेत्र स्थित गोपालपुर बाजार, ओझवलिया गांव के पास बाइक सवार बदमाशों ने युवक को चाकू मारकर 7 लाख 5 हजार रुपये लूट लिए। युवक रुपये लेकर ग्राहक सेवा केंद्र जा रहा था।
जानकारी के अनुसार ग्राहक सेवा केंद्र के कर्मचारी अरविंद पटेल ने दोपहर में पंजाब नेशनल बैंक से रुपये निकाले थे। इन रुपयों को लेकर ग्राहक सेवा केंद्र आया था। यहां से शाम लगभग छह बजे सिसवां नहर स्थिति दूसरे ग्राहक सेवा केंद्र जा रहा था। रास्ते में ओझवलिया के गोपालपुर बाजार के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने युवक को घेरकर रोक लिया।
उसके पेट में चाकू मारकर रुपयों से भरा बैग लेकर भाग गए। देर शाम हुई घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर घायल अरविंद पटेल को पुलिस अस्पताल ले गई। ग्राहक सेवा केंद्र संचालक विनोद कुमार से जानकारी लेकर पुलिस घटना की छानबीन कर रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से जानकारी जुटा रही है।