- 110 किमी क्षेत्र में 56 शिविर, 150 से अधिक चिकित्सक देंगे निशुल्क सेवा
गोरखपुर। नेशनल मेडिकोज आर्गेनाइजेशन गोरक्षप्रांत की ओर से छठवीं गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा 20, 21 व 22 फरवरी को भारत-नेपाल सीमावर्ती थारू जनजाति क्षेत्रों में निकाली जाएगी। यात्रा का शुभारंभ 20 फरवरी को दोपहर 12 बजे गोरखनाथ मंदिर से किया जाएगा।
नेशनल मेडिकोज आर्गेनाइजेशन गोरक्षप्रांत के पदाधिकारियों की ओर से बुधवार को प्रेसवार्ता कर जानकारी दी गई। डॉ. पीएन सिंह ने बताया कि यात्रा के दौरान सिद्धार्थनगर व महाराजगंज से जुड़े 110 किलोमीटर सीमा क्षेत्र में दो दिनों में कुल 56 निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे, यानी लगभग हर दो किलोमीटर पर एक शिविर स्थापित होगा। बीआरडी मेडिकल कॉलेज, एम्स सहित विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के 150 से अधिक चिकित्सक व निजी चिकित्सक सेवा देंगे। शिविरों में निशुल्क दवा वितरण, स्वास्थ्य जांच, रक्ताल्पता, माहवारी स्वच्छता, हाथ धोने की सही विधि तथा सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।