पूर्वोत्तर रेलवे के 52 हजार रेलकर्मियों को कोरोना काल में अब पास के लिए दफ्तरों में जाने की जरूरत नहीं है। अपने मोबाइल पर ही पास बनवा लेंगे और उसे डाउनलोड कर प्रिंट ले सकेंगे। रेल प्रशासन ने तीनों मंडलों लखनऊ, वाराणसी और इज्जतनगर सहित मुख्यालय गोरखपुर में भी ई पास सुविधा शुरू कर दी है।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि रेलकर्मियों को यूजर आईडी और पासवर्ड अलॉट किया गया है। जिसके माध्यम से वह पास के लिए आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन ही उनका पास बनाकर अपलोड कर दिया जाएगा। जिसके बाद वे डाउनलोड कर सकते हैं। तीनों मंडलो में यह सुविधा पहले ही शुरू हो गई थी, अब गोरखपुर मुख्यालय में शुरू हो गई है। ई पास की सुविधा से पूरी पारदर्शिता बनी रहेगी।