कोरोना जांच करता स्वास्थ्यकर्मी (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
गोरखपुर जिले में गुरुवार को दो डॉक्टरों समेत 52 नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। किसी संक्रमित की मौत नहीं हुई है। पोर्टल पर एक मृतक का नाम दो बार चढ़ गया था। एक नाम हटाने के बाद मृतकों की संख्या 306 हो गई है।
स्वास्थ्य महकमे ने बृहस्पतिवार को जो रिपोर्ट जारी की है, उसके मुताबिक अस्थायी जेल में रखे गए आठ बंदी कोरोना संक्रमित मिले हैं। बीआरडी मेडिकल कॉलेज व पादरी बाजार स्थित निजी अस्पताल के डॉक्टर भी संक्रमित पाए गए। कमिश्नर कैंप कार्यालय का एक कर्मचारी भी पॉजिटिव मिला है।
अब जिले में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 18867 हो गई है। अब तक 17687 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। सक्रिय मरीजों की संख्या 874 है। नए कोरोना मरीजों के मिलने की पुष्टि सीएम डॉ. श्रीकांत तिवारी ने की है।
शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में संक्रमण
शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 52 संक्रमित पाए गए हैं। इसमें से 26 शहरी और 17 ग्रामीण क्षेत्र से संबंधित हैं। नौ कोरोना संक्रमित अन्य जगहों से पाए गए। शहरी क्षेत्र में सबसे अधिक शाहपुर से 13, कैंट से पांच, गोरखनाथ, राजघाट, कोतवाली और रामगढ़ताल से दो-दो संक्रमित पाए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्र से सबसे अधिक संक्रमित चरगांवा से सात, भटहट से दो, बांसगांव, खोराबार, गोला, बड़हलगंज, कौड़ीराम, पिपराइच, खजनी और सहजनवां से एक-एक संक्रमित मिले हैं।