गोरखपुर जिले में कोरोना की जांच में बृहस्पतिवार को 45 लोग संक्रमित मिले। इनमें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) सरदारनगर के प्रभारी, तीन बच्चे, किशोर और भटहट की 90 साल की बुजुर्ग महिला शामिल हैं। राहत की बात यह है कि 88 लोगों ने कोरोना को मात दी है। इसके बाद मरीजों की संख्या 484 पहुंच गई है।
जानकारी के मुताबिक, संक्रमितों में सरदारनगर की 12 साल की बालिका, कैंपियरगंज का 15 साल और कौड़ीराम का 17 साल का किशोर भी शामिल है। बीआरडी मेडिकल कॉलेज का एक कर्मचारी, कैंपियरगंज के एक ही परिवार के दो लोग एवं रामजानकी नगर में एक ही परिवार के दो लोग संक्रमित मिले हैं।
बांसगांव और खोराबार में भी एक ही परिवार के दो-दो लोग पॉजिटिव मिले हैं। सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार दुबे ने बताया कि पहली लहर से लेकर अब तक 66,472 लोग संक्रमित हुए हैं। 65,131 लोगों ने कोरोना को मात दी है जबकि 857 की मौत हो चुकी है।