कोरोना की जांच के लिए सैंपल लेता स्वास्थ्य कर्मी
- फोटो : PTI
बस्ती जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या में रोज इजाफा हो रहा है। बृहस्पतिवार को बीआरडी मेडिकल कॉलेज से आई जांच रिपोर्ट में 41 नए कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसमें परशुरामपुर थाने के तीन एसआई, दो मुंशी, दो दीवान, दो सिपाही भी शामिल हैं। इसी थाने के एक सिपाही की पत्नी भी कोरोना पॉजटिव मिलीं हैं। यह जानकारी डीएम आशुतोष निरंजन ने दी है।
जिले में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 2458 हो गई है। अब तक 58 कोरोना मरीजों की मौत हो चुकी है। एक्टिव मरीजों की संख्या 410 है। जबकि 33 मरीजों की तीसरी जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। जिले में अब तक 1990 लोग निगेटिव हो चुके हैं।
डीएम आशुतोष निरंजन ने कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए बेवजह सड़कों पर घूमने वालों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि जहां से कोरोना मरीज मिले हैं वहां रैंडम आधार पर सैंपलिंग कराई जा रही है। संक्रमण का खतरा कम करने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।
डीएम के मुताबिक अब तक 74851 लोगों के नमूने लिए जा चुके हैं। 73509 लोगों के नमूने की रिपोर्ट आ चुकी है। इसमें 70994 लोग निगेटिव पाए जा चुके हैं। 1342 लोगों की जांच रिपोर्ट का प्रशासन को इंतजार है। डीएम ने बताया कि कोरोना के मामले बढ़ने के साथ कंटेंमेंट जोनों की संख्या भी बढ़ रही है।
सदर तहसील में 81, हर्रैया में 50, भानपुर में 10 व रुधौली में 19 कंटेंमेंट जोन बनाए गए हैं। जिले में कुल कंटेंमेंट जोन की संख्या 160 है। यहां आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित है। आवश्यक वस्तुओं की व्यवस्था प्रशासन की ओर से कराई जा रही है।