गोरखपुर में कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण के दौरान रेलवे ने मरीजों की सुविधा के लिए कोविड मेडिकल हेल्पलाइन सुविधा शुरू की है। इस हेल्पलाइन से 24 घंटे डॉक्टर से परामर्श लिया जा सकता है।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि ललित नारायण मिश्र रेलवे चिकित्सालय में कोविड सेल एवं वीडियो काउंसलिंग सेंटर ने बृहस्पतिवार से 24 घंटे कार्य करना प्रारंभ कर दिया है।
मोबाइल नंबर 9794840553 एवं सिविल दूरभाष नंबर 0551-2284764 के द्वारा संपर्क किया जा सकता है। वाट्सएप के माध्यम से मोबाइल नंबर 9335941368 पर 24 घंटे रेल कर्मचारी कोविड से संबंधित कोई भी जानकारी इस हेल्पलाइन से प्राप्त कर सकता है।
उन्होंने बताया कि होम आइसोलेशन में रहने वाले कोराना संक्रमित मरीजों के लिए इमरजेंसी वार्ड में 24 घंटे दवाइयां उपलब्ध है। उन्हें आइसोलेशन से संबंधित मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है।
मैकेनिकल वेंटिलेशन व नेबुलाइजर की भी सुविधा
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि कोविड हास्पिटलों में शिफ्ट किए जाने की प्रतीक्षा कर रहे कोरोना मरीजों के लिए आइसोलेशन वार्ड में गरम पानी, गरम भाप, मैकेनिकल वेंटिलेशन तथा नेबुलाइजर आदि सुविधाएं उपलब्ध है।