अभिभावकों से बच्चों को स्कूल लाने और ले जाने के नाम पर मोटी रकम वसूलने वाले कुछ स्कूल बच्चों की जान के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। विभिन्न स्कूलों के 400 वाहन बिना फिटनेस बच्चों को बैठाकर सड़कों पर फर्राटा भर रहे हैं।
प्रदेश सरकार की ओर से विधानसभा चुनाव 2022 संपन्न कराने के लिए वाहनों के अधिग्रहण के निर्देश मिले थे। निर्देशों का पालन करते हुए जब वाहनों के अधिग्रहण के लिए स्कूलों में संचालित स्कूली बसों के प्रपत्रों की जांच आरटीओ द्वारा शुरू की गई तो सामने आया कि स्कूलों में संचालित कुल 2065 वाहनों में से 690 स्कूली बसों और 234 मैजिक के फिटनेस समाप्त हो चुके थे।
इसके बाद विभाग ने विद्यालयों के प्रबंधकों व प्रधानाचार्यों को नोटिस जारी कर निर्देश दिया कि जल्द से जल्द फिटनेस करा लें। लेकिन, अभी भी 400 से अधिक स्कूली वाहन बिना फिटनेस संचालित हो रहे हैं। अब विभाग इन वाहनों पर कार्रवाई करने की तैयारी में है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी श्यामलाल ने कहा कि गोरखपुर जिले में बिना फिटनेस संचालित हो रहे स्कूली वाहनों को नोटिस जारी कर जल्द से जल्द फिटनेस कराने के निर्देश दिए गए थे। अभी भी लगभग 400 अनफिट वाहन संचालित हो रहे हैं। ऐसे वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।