खाद कारखाना के परिषद में पीएम मोदी का मंच।
- फोटो : अमर उजाला।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुख्य मंच पर करीब 40 लोग मौजूद रहेंगे। सोमवार की शाम को मुख्य मंच पर उपस्थित रहने वाले लोगों की सूची को अंतिम रूप दे दिया गया। प्रधानमंत्री के साथ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा एवं केशव प्रसाद मौर्य उपस्थित रहेंगे।
जानकारी के मुताबिक, लोकार्पण कार्यक्रम के लिए तीन मंच बनाए गए हैं। एक मुख्य मंच होगा, जिसपर प्रधानमंत्री मौजूद रहेंगे। उसके बगल में एक महत्वपूर्ण व्यक्तियों के लिए मंच होगा और दूसरी ओर सांस्कृतिक मंच बनाया गया है। प्रधानमंत्री, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री के अलावा मुख्य मंच पर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह, बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री डा. सतीश द्विवेदी, मत्स्य, पशुधन एवं दुग्ध विकास राज्यमंत्री जयप्रकाश निषाद, कृषि विपणन एवं उद्यान राज्यमंत्री श्रीराम सिंह चौहान, महापौर सीताराम जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह, गोरखपुर एवं बस्ती मंडल के सभी सांसद, गोरखपुर जिले के सभी विधायक के साथ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल, निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद भी मंच पर होंगे। गोरखपुर-बस्ती मंडल के अन्य जिलों के सभी विधायक, विधान परिषद सदस्य, भाजपा के महत्वपूर्ण पदाधिकारी बगल के वीआइपी मंच पर मौजूद रहेंगे।