- एनएमसी ने 11 विभागों में सीटें बढ़ाने को दी मंजूरी
- कॉलेज प्रशासन ने 62 सीटों का भेजा था प्रस्ताव, 39 पर मिली स्वीकृति
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ डॉक्टर बनने का सपना देख रहे मेडिकल छात्रों के लिए अच्छी खबर है। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) ने कॉलेज में स्नातकोत्तर (पीजी) की 39 सीटें बढ़ाने को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही यहां पीजी की पढ़ाई के अवसर बढ़ेंगे और विभिन्न चिकित्सा विभागों में विशेषज्ञ डॉक्टर तैयार करने की क्षमता भी मजबूत होगी। बढ़ी हुई सीटों पर इसी शैक्षणिक सत्र से प्रवेश लिया जाएगा।
दरअसल, मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने अलग-अलग विभागों में पीजी की 62 अतिरिक्त सीटों की मांग करते हुए एनएमसी को प्रस्ताव भेजा था। इसके बाद सितंबर में आयोग की टीम ने कॉलेज का निरीक्षण किया। विभागों में उपलब्ध संसाधनों, शिक्षकों की संख्या, मरीजों का दबाव और शैक्षणिक सुविधाओं का आकलन करने के बाद 39 सीटों को मंजूरी दी गई है।
सबसे ज्यादा बढ़ोतरी पीडियाट्रिक्स और जनरल मेडिसिन विभाग में हुई है। पीडियाट्रिक्स में सात सीटें बढ़ाई गई हैं। यहां पहले नौ सीटें थीं जो अब 16 हो गई हैं। इसी तरह जनरल मेडिसिन में पांच सीटें बढ़ने से संख्या 15 से बढ़कर 20 हो गई है। एनेस्थिसियोलॉजी, पैथोलॉजी और जनरल सर्जरी में चार-चार सीटें बढ़ाई गई हैं।
डर्मेटोलॉजी, साइकियाट्री, रेडियोडायग्नोसिस और ईएनटी में तीन से बढ़ाकर पांच सीटें कर दी गई हैं। गायनी विभाग में चार और ऑर्थोपेडिक्स में तीन सीटों की वृद्धि हुई है। सीटें बढ़ने से कॉलेज में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में भी मदद मिलेगी।
विभागवार सीटों की स्थिति
विभाग
पहले
अब
एमडी एनेस्थिसियोलॉजी 12
16
एमडी डर्मेटोलॉजी 3
5
एमडी जनरल मेडिसिन
15
20
एमडी पीडियाट्रिक्स
9
16
एमडी पैथोलॉजी
12
16
एमडी साइकियाट्री 3
5
एमडी रेडियोडायग्नोसिस
3
5
एमएस जनरल सर्जरी
12
16
एमएस गायनी
10
14
एमएस ऑर्थोपेडिक्स 5
8
एमएस ईएनटी
3
5
-
वर्जन
पीजी की 62 अतिरिक्त सीटों के लिए एनएमसी को प्रस्ताव भेजा था। निरीक्षण के बाद आयोग ने 39 सीटें बढ़ाने की मंजूरी दी है। इससे मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ चिकित्सकों की पढ़ाई के अवसर बढ़ेंगे। बढ़ी हुई सीटों पर इसी सत्र से प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
- डॉ. धर्मेंद्र कुमार, प्राचार्य