बस्ती जिले में कोरोना संक्रमण की शनिवार को बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर से आई जांच रिपोर्ट में 37 नए पॉजिटिव केस मिले हैं। संक्रमण के कारण अब तक 75 लोग जान गवां चुके हैं। अब जिले में पॉजिटिव मरीजों की संख्या 3983 पहुंच गई है।
48 पॉजिटिव मरीजों की तीसरी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अब तक कुल 3524 लोगों की निगेटिव आ चुकी है। कुल एक्टिव मरीजों की संख्या 384 पहुंच गई है। इसकी पुष्टि डीएम आशुतोष निरंजन ने किया है।
डीएम ने बताया कि जिले से 137932 लोगों का नमूना जांच के लिए भेजा गया था। इसमें 137122 लोगों की रिपोर्ट प्राप्त की जा चुकी है। 133139 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। 810 लोगों की रिपोर्ट का प्रशासन इंतजार कर रहा है।
कोरोना संक्रमण के मामले मिलने के बाद जिलेभर में 164 जगहों को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। सदर तहसील में 83, हर्रैया में 54, भानपुर में 11 व रुधौली में 16 कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। डीएम ने बताया कि कंटेनमेंट जोन में सामान्य रुप से जनजीवन प्रतिबंधित है। आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति की जा रही है।
डीएम के मुताबिक कंटेनमेंट जोन को छोड़ कर कोरोना प्रोटोकाल का पालन करते हुए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। चूंकि संक्रमण कम तो हुआ है, मगर खतरा अब भी बरकरार है। ऐसे में उन्होंने आम जन का आह्वान किया है कि वे कोरोना से बचाव के हर संभव उपाय करें, जिससे संक्रमण की जद में न आएं।
डीएम ने कहा कि जांच का दायरा बढ़ाकर अधिक से अधिक लोगों का टेस्ट कराकर सुरक्षित करने की योजना को अमली जामा पहनाया जा रहा है। इसी के नाते 1773 नमूना एकत्रित कर जांच के लिए भेजा जा चुका है। शनिवार को 1840 के जांच की रिपोर्ट आई है।