लघु उद्योग भारती की तीन दिवसीय भारतीय कार्यसमिति व कार्यकारिणी की हुई बैठक
गोरखपुर। अयोध्या में लघु उद्योग भारती की तीन दिवसीय अखिल भारतीय कार्यसमिति व कार्यकारिणी बैठक में देशभर से करीब 350 उद्यमी जुटे। रामसेवकपुरम स्थित विश्व हिंदू परिषद यात्री निवास में हुए आयोजन में गोरखपुर से प्रांतीय अध्यक्ष दीपक कारीवाल, अध्यक्ष महेश कुमार रूंगटा और महासचिव सुधांशु टिबरेवाल ने प्रतिनिधित्व किया।
औद्योगिक अधिवेशन में एमएसएमई इकाइयों की चुनौतियों, औद्योगिक विस्तार और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा हुई। गोरखपुर के प्रतिनिधियों ने पूर्वांचल में लघु व मध्यम उद्योगों को बढ़ावा देने से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए। एमएसएमई विभाग के सचिव प्रांजल यादव ने सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र उद्यमियों तक उनका लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। ऊर्जा व नगर विकास मंत्री ए के शर्मा ने कहा कि प्रदेश में एमएसएमई इकाइयों को विशेष सुविधाएं और छूट दी जा रही हैं। निर्बाध बिजली आपूर्ति से उत्पादन क्षमता बढ़ने के साथ उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता भी मजबूत होगी।
मुख्य अतिथि लघु व सूक्ष्म उद्योग मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय बैठक में उद्यमियों से मिले सुझावों को लागू करने से प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने लघु उद्योगों को अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन का महत्वपूर्ण आधार बताया। इससे पहले एके शर्मा और भूपेंद्र चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर उद्यमी सम्मेलन का शुभारंभ किया। राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रकाश, राष्ट्रीय अध्यक्ष मधुसूदन दादू समेत देशभर से आए पदाधिकारी और उद्यमी मौजूद रहे।