कुशीनगर में पुलिस लाइन में प्रशिक्षण के लिए आए 24 प्रशिक्षु पुलिसकर्मी कोरोना से संक्रमित मिले हैं। इन्हें लेकर शनिवार को 35 नए लोग कोरोना संक्रमित मिले। इन सभी का स्वास्थ्य विभाग की देखरेख में उपचार चल रहा है। 28 मरीज जांच में स्वस्थ मिले हैं। जिले में 175 एक्टिव केस हैं।
सीएमओ डॉ. एनपी गुप्ता ने बताया कि शनिवार को 902 सैंपल की रिपोर्ट प्राप्त हुई, जिसमें 867 निगेटिव और 35 पॉजिटिव केस हैं। इनमें विशुनपुरा क्षेत्र से एक, फाजिलनगर से दो, हाटा से एक, कसया से एक और पडरौना क्षेत्र से 30 लोग शामिल हैं। इस तरह अब तक कराई गई 174574 लोगों की कोरोना जांच में 5264 लोग संक्रमित मिले हैं।
28 मरीज जांच में स्वस्थ मिले, जिन्हें लेकर स्वस्थ होने वालों की संख्या बढ़कर 5035 हो गई है। कुल 54 मरीजों की इलाज के दौरान मौत हुई है, जबकि 175 लोग इस बीमारी से जूझ रहे हैं। उन्होंने बताया कि जनपद में कोरोना संक्रमण दर 3.01 प्रतिशत, रिकवरी दर 95.64 प्रतिशत और मृत्यु दर 1.02 प्रतिशत है।
एसपी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस लाइन में जेटीसी के प्रशिक्षण के लिए 220 प्रशिक्षु कांस्टेबल आए हैं। उन सभी की कोरोना जांच कराई गई, जिसमें कुल 24 कोरोना से संक्रमित मिले हैं। इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी गई। सीएमओ की तरफ से उनके बैरक का सैनीटाइजेशन कराया गया है तथा डॉक्टरों की देखरेख में इन प्रशिक्षु कांस्टेबल का उपचार चल रहा है। इनके संपर्क में आए अन्य प्रशिक्षुओं की भी कोरोना जांच कराई जाएगी।