20 हजार लक्ष्य के सापेक्ष गोरखपुर में गुरुवार को 31202 लोगों ने कोविड का टीका लगवाया है। यह जिले में एक दिन में सर्वाधिक टीकाकरण का रिकॉर्ड है। इनमें 29602 को पहली डोज और 1600 को दूसरी डोज लगाई गई है। इनके लिए 143 बूथ बनाए गए थे।
माना जा रहा है कि सात ब्लॉकों में शुरू हुए क्लस्टर अभियान का असर दिखने लगा है। पिछले चार दिनों से क्लस्टर अभियान के तहत 130 से अधिक बूथ बनाए जा रहे हैं। लगातार चार दिनों से टीकाकरण का आंकड़ा भी 25 हजार के पार जा रहा है। गुरुवार को सात ब्लॉकों में 105 और शहर में 38 बूथ बनाए गए थे।
जिला प्रशिक्षण अधिकारी डॉ. एनके पांडेय ने बताया कि क्लस्टर अभियान का असर दिख रहा है। अब किसी भी बूथ पर कोई भी टीका लगवा सकता है। स्लॉट बुकिंग कराने की भी जरूरत नहीं है। बताया कि टीमें गांवों में जाकर लोगों को जागरूक भी कर रहे हैं।