परिषदीय विद्यालयों में दूसरे के प्रमाण पत्रों या अंकपत्रों में गड़बड़ी के बावजूद काम करने वाले 24 शिक्षकों को पखवाड़ा भर के अंदर ही निलंबित कर दिया गया है। सभी शिक्षकों के खिलाफ विभाग को शिकायत मिली थी। जिसके बाद आरोपी शिक्षकों को नोटिस जारी करने के साथ ही सत्यापन कराने के लिए विभाग में तलब किया गया। मगर शुरुआत से ही ऐसे शिक्षकों ने सत्यापन कराने में कोई रुचि नहीं दिखाई।
कई बार चेतावनी देने के बाद भी जब शिक्षक हाजिर नहीं हुए तो इन्हें निलंबित कर दिया गया है। जब तक ये शिक्षक अपने दस्तावेजों का सत्यापन नहीं कराएंगे, उनका निलंबन वापस नहीं होगा। वहीं विभाग की ओर से इन शिक्षकों के प्राप्त दस्तावेजों के मुताबिक सत्यापन शुरू करा दिया गया है। अब तक हुई जांच में 10 शिक्षक जाली प्रमाणपत्रों के सहारे नौकरी करने के आरोपी हैं। वहीं 14 शिक्षकों के अंकपत्र में गड़बड़ी मिली है। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से अब तक 44 फर्जी शिक्षकों को बर्खास्त किया गया है।