गोरखपुर जिले में बुधवार को एक स्कूल के छह बच्चों समेत 23 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। 28 लोगों ने कोरोना को मात दी है। अब जिले में सक्रिय कोरोना मरीजों की संख्या 114 हो गई है।
कोरोना संक्रमण की रिपोर्ट बुधवार देर शाम जारी हुई तोे हड़कंप मच गया। पता चला कि स्कूल के छह बच्चे संक्रमित हो गए हैं। सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम गई और कोरोना प्रोटोकॉल के पालन की व्यवस्था सुनिश्चित कराई। सीएमओ का कहना है कि कंपोजिट रीजनल सेंटर (सीआरसी) सहित अन्य स्कूलों में अभियान चलाकर कोरोना की जांच कराई जाएगी। संक्रमित बच्चों में गंभीर लक्षण नहीं हैं। नियमित निगरानी कराई जाएगी।
जिस स्कूल के बच्चे कोरोना संक्रमित मिले हैं बृहस्पतिवार को उसके सभी बच्चों की जांच कराई जाएगी। सीएमओ का कहना है कि विशेष टीम लगाकर नमूने लिए जाएंगे। दिव्यांग स्कूलों के बच्चों की भी जांच कराई जाएगी।
सीएमओ ने कोरोना संक्रमण से बचाव की अपील की है। उनका कहना है कि मास्क लगाकर ही घर से बाहर निकलें। दो गज की दूरी का पालन जरूरी है। कोरोना का टीका असरदार है, जिन लोगों ने नहीं लगवाया है, वह जिला अस्पताल या नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर टीका लगवा सकते हैं।