गोरखपुर जिले में मंगलवार को कोरोना की जांच में 23 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। संक्रमितों में एक साल का मासूम और चार बुजुर्ग शामिल हैं। राहत की बात यह है कि 51 लोगों ने कोरोना को मात दी है। अब जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 395 हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, कोरोना संक्रमितों में घघसरा का एक साल का मासूम, एसएसबी के दो जवान, सरदारनगर, रामजानकी नगर, सिकरीगंज व तुर्कमानपुर के एक-एक बुजुर्ग शामिल हैं। इनके अलावा रेलवे स्टेशन पर एक यात्री, एम्स का एक कर्मचारी, बेतियाहाता और नंदानगर के दो-दो लोगों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार दुबे ने बताया कि जिले में पहली लहर से लेकर अब तक 66,606 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 65,353 लोगों ने कोरोना को मात दे दी है। 858 मरीजों की मौत हो चुकी है।
30 हजार से अधिक को लगा कोरोनारोधी टीका
कोरोना टीकाकरण के लिए मंगलवार को 300 से अधिक बूथ बनाए गए थे। इन बूथों पर 30 हजार से अधिक लोगों को कोरोनारोधी टीका लगाया गया। इनमें पहली डोज के लिए आठ हजार से अधिक और दूसरी डोज के लिए 19 हजार से अधिक लोग बूथों पर पहुंचे थे।
अब जिले में कुल टीकाकरण का आंकड़ा 63 लाख 26 हजार से अधिक पहुंच गया है। इनमें पहली डोज 36 लाख 57 हजार से अधिक और दूसरी डोज 26 लाख 21 हजार से अधिक पहुंच गई है। जबकि, कुल प्रिकॉशन डोज वालों की संख्या 47 हजार से अधिक है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एएन प्रसाद ने बताया कि वैक्सीन की कमी नहीं है। पर्याप्त संख्या में बूथ संचालित किए जा रहे हैं। लोग बूथों पर आएं। सभी को टीका लगाया जाएगा।