गोरखपुर। शहर के विद्युत उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। विद्युत उपकेंद्र सूर्यकुंड की बहुप्रतीक्षित क्षमता वृद्धि के तहत शनिवार को 10 एमवीए का नया पावर ट्रांसफॉर्मर स्थापित कर दिया गया। अगले 72 घंटे के भीतर इस ट्रांसफार्मर को चालू कर लोड दे दिया जाएगा। करीब 1.5 करोड़ रुपये की लागत से हुए इस कार्य से उपकेंद्र से जुड़े लगभग 20 हजार उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलेगी।
विद्युत विभाग के अनुसार, बिजनेस प्लान 2024-25 के तहत सूर्यकुंड उपकेंद्र की क्षमता बढ़ाने की स्वीकृति मिली थी। योजना के तहत पहले से स्थापित पांच एमवीए के पावर ट्रांसफाॅर्मर को हटाकर उसकी जगह 10 एमवीए का नया ट्रांसफाॅर्मर लगाया जाना था। यह कार्य मार्च 2026 के अंत तक पूरा होना था लेकिन विभिन्न कारणों से इसमें देरी हुई। शनिवार को नया 10 एमवीए पावर ट्रांसफाॅर्मर सफलतापूर्वक स्थापित कर दिया गया।
विभाग अब परीक्षण और अन्य तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद अगले 72 घंटे में इस पर लोड देगा। इसके चालू होने के बाद सूर्यकुंड विद्युत उपकेंद्र की कुल क्षमता बढ़कर 30 एमवीए हो जाएगी। क्षमता वृद्धि से क्षेत्र में बढ़ते बिजली भार को संभालने में आसानी होगी। साथ ही ओवरलोडिंग की समस्या कम होगी और उपभोक्ताओं को अधिक स्थिर एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।
बोले अधिकारीविद्युत उपकेंद्र सूर्यकुंड की क्षमता वृद्धि के लिए 10 एमवीए का पावर ट्रांसफाॅर्मर स्थापित कर दिया गया है। अगले 72 घंटों में इस पर लोड दे दिया जाएगा।
- सुजीत गुप्ता, अधिशासी अभियंता, विद्युत माध्यमिक कार्य खंड