गोरखपुर। बसों के जरिये अवैध कूरियर पर परिवहन विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मंगलवार से शुरू हुए विशेष चेकिंग अभियान में पहले दिन करीब 200 बसों की जांच की गई। इस दौरान गोरखपुर से पडरौना जा रही एक बस में बिना बुक कराया गया सामान मिला। जांच टीम ने सामान ले जाने वाले व्यक्ति पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
अवैध कूरियर की जांच के लिए परिवहन विभाग ने चार टीमें लगाई हैं। टीमें वाराणसी, लखनऊ, देवरिया, पडरौना और सोनौली रूट पर चलने वाली बसों की जांच कर रही हैं। अभियान के दौरान बस में यात्रियों के सामान के साथ चालक और परिचालक की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। बस स्टेशन से पिछले कुछ दिनों से कूरियर सेवा बंद है। इसके बाद कुछ लोग अपना सामान बसों के चालक और परिचालक के माध्यम से भेज रहे हैं। इससे परिवहन विभाग को राजस्व का नुकसान हो रहा है।
विभाग ने ऐसे सामान की बुकिंग और परिवहन पर रोक लगाने के लिए नियमित जांच शुरू की है। एटीआई रंजीत सिंह के नेतृत्व में टीम ने मंगलवार को विभिन्न रूटों पर बसों की जांच की। अधिकारियों के अनुसार अभियान आगे भी जारी रहेगा। बस में बिना बुक किया गया कुरियर सामान मिलने पर संबंधित व्यक्ति के साथ चालक-परिचालक के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बोले अधिकारीअवैध तरीके से सामान ले जाने को लेकर नियमित रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार को 200 बसों की जांच की गई। गोरखपुर से पडरौना जाने वाली बस में बिना बुक कराया गया सामान मिला, 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। बसों में इस तरह का सामान मिलने पर जुर्माने के साथ नियमानुसार चालक-परिचालक पर भी कार्रवाई की जाएगी।
- लव कुमार सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक