मृतका की पहचान निंकी (20) के रूप में हुई है। घटना से आक्रोशित परिजन मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि युवती की मौत के पीछे हत्या की आशंका है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
शाहपुर इलाके के तिनकोनिया नंबर एक स्थित ईस्टर्नपुर कॉलोनी में शनिवार रात एक फाइनेंस कंपनी के ऑफिस में 20 वर्षीय युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता मिला। बेटी के घर नहीं पहुंचने पर तलाश करते हुए ऑफिस पहुंची मां ने अंदर का दृश्य देखा तो चीख पड़ी। युवती का शव दुपट्टे के सहारे लटक रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
Trending Videos
उधर, परिजन ने हत्या कर शव फंदे से लटकाने का आरोप लगाते रविवार को हंगामा कर दिया। पुलिस ने कंपनी संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, तिनकोनिया नंबर एक के भटोलिया निवासी निंकी (20) चार बहनों और एक भाई में तीसरे नंबर पर थी। उसके पिता राजमन राजभर इलेक्ट्रिक वेल्डिंग का काम करते हैं। निंकी करीब दो साल से घर से आधा किलोमीटर दूर ईस्टर्नपुर कॉलोनी स्थित सम्यति उत्कृष्टम फाइनेंस कंपनी में काम कर रही थी। वह लोगों को लोन दिलाने और रुपये जमा कराने का काम करती थी।
रोज शाम सात बजे तक घर पहुंच जाती थी
मां विमला देवी ने बताया कि निंकी रोजाना काम खत्म करने के बाद शाम करीब सात बजे तक घर लौट आती थी। शनिवार को रात 9:30 बजे तक वह घर नहीं पहुंची तो मां उसकी तलाश में ऑफिस पहुंचीं। वहां शटर आधा गिरा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो बेटी का शव दुपट्टे के सहारे फंदे से लटक रहा था। यह दृश्य देखकर वह चीखते हुए बाहर निकलीं। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दौरान परिजन और ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने उन्हें समझाकर शांत कराया। रविवार सुबह एक बार फिर बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण ऑफिस के बाहर जुट गए। उन्होंने हत्या के बाद शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया। करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस के समझाने पर लोग शांत हुए। परिजन ने पुलिस को तहरीर भी दी है।
कंपनी संचालक हिरासत में, पूछताछ जारी
पुलिस के मुताबिक, फाइनेंस कंपनी का संचालन चौरीचौरा क्षेत्र निवासी युवक करता है। वह सूरजकुंड के पास किराये के कमरे में रहता है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। युवती के मोबाइल कॉल डिटेल की भी पड़ताल की जा रही है। परिजन की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जाएगी। - निमिष पाटील, एसपी सिटी