फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सूबे के अलग-अलग जिलों में थे सक्रिय: सांप-छिपकली फेंक उड़ा लेते थे चेन...मोना गैंग के 16 गुर्गे गिरफ्तार

Sun, 22 Feb 2026 04:06 PM IST
रोहित सिंह अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर

सार

पुलिस के अनुसार, गैंग मुख्य रूप से मंदिरों और मेलों में सक्रिय रहता था। आरोपी महिलाएं भीड़ में घुसकर श्रद्धालुओं पर नकली सांप-छिपकली फेंकती थीं और डराने के दौरान नेलकटर से चेन व मंगलसूत्र काट लेती थीं। पुरुष गुर्गे चोरी का माल सुरक्षित स्थान तक ले जाते और लग्जरी वाहनों से निकल जाते थे।
विज्ञापन
गिरफ्तार आरोपी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

 चौरीचौरा पुलिस ने मेला और भीड़-भाड़ वाले आयोजनों में महिलाओं के गले से चेन उड़ाने वाले मोना गैंग का पर्दाफाश करते हुए सरगना पिंटू समेत 16 गुर्गों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में आठ महिलाएं और आठ पुरुष शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, गैंग की महिलाएं भीड़ में लोगों पर नकली सांप-छिपकली फेंक डराती थीं।
विज्ञापन


इसी दौरान नेलकटर से महिलाओं के गले से चेन और मंगलसूत्र काट लेती थीं। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से सोने की दो चेन, पांच लक्जरी वाहन, 45,940 रुपये नकद, चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन, नकली सांप-छिपकली व नेलकटर बरामद किए गए हैं। गैंग के आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ ही प्रयागराज में महाकुंभ के दौरान भी चोरी की घटनाओं में शामिल रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ प्रयागराज, इटावा, बस्ती, गोरखपुर समेत कई जिलों में पहले से चोरी के मामले दर्ज हैं और कई बार वे जेल जा चुके हैं। गिरफ्तार आरोपी जेल भेज दिए गए हैं।
विज्ञापन

चौरीचौरा के प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में चौकी इंचार्ज सौरभ झा व टीम ने शुक्रवार रात तरकुलहा से सभी आरोपियों को पकड़ा।

कार्रवाई में मंजू और सुनीता के कब्जे से सोने की दो चेन, आठ नेलकटर, चार रबर के नकली सांप, तीन नकली छिपकली, दो झांग भटकुईयां, पांच चारपहिया वाहन, चार मोबाइल फोन और नकदी जब्त किया।

पुलिस के अनुसार, गैंग मुख्य रूप से मंदिरों और मेलों में सक्रिय रहता था। आरोपी महिलाएं भीड़ में घुसकर श्रद्धालुओं पर नकली सांप-छिपकली फेंकती थीं और डराने के दौरान नेलकटर से चेन व मंगलसूत्र काट लेती थीं। पुरुष गुर्गे चोरी का माल सुरक्षित स्थान तक ले जाते और लग्जरी वाहनों से निकल जाते थे।

एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र ने बताया कि आगे भी ऐसे संगठित गिरोहों की तलाश और आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी ताकि मंदिरों और मेलों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। गैंग का सरगना पिंटू और उसकी पत्नी मंजू है।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार
आदित्य राना निवासी सिधुआपार लक्ष्मीपुर थाना बड़हलगंज, विजय निवासी ग्राम तुरना थाना नंदगंज गाजीपुर, नंदू साहनी निवासी ग्राम बिलौली थाना दोहरीघाट मऊ, राम जनक निवासी कुराव थाना बड़हलगंज, अजय खरवार निवासी सिधुआपार, पिंटू कुमार निवासी ग्राम बेलपार थाना सलेमपुर देवरिया, अभिषेक निवासी ग्राम सिधुआपार लक्ष्मीपुर थाना बड़हलगंज, रामाशंकर निवासी ग्राम सिधुआपार लक्ष्मीपुर बड़हलगंज, गुड्डी निवासी ग्राम कोहड़ा कोहड़ी थाना गोला, शाहिबा निवासी ग्राम बेलपार थाना सलेमपुर देवरिया, पूनम निवासी गौरी बाजार देवरिया, रोशनी निवासी ग्राम अमहकपुर थाना बड़हलगंज, अमृता निवासी ग्राम बेलपार थाना सलेमपुर देवरिया, प्रीती निवासी ग्राम बेलपार थाना सलेमपुर देवरिया, सुनीता निवासी ग्राम अमहकपुर थाना बड़हलगंज, मंजू देवी निवासी ग्राम बेलपार थाना सलेमपुर देवरिया को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें