अहिरौली बाजार में पॉजिटिव मरीज मिलने पर सील करवाते एसडीएम कसया देश दीपक सिंह और स्वास्थ्य विभाग ?
- फोटो : KUSHINAGAR
जिला अस्पताल कर्मी समेत तेरह मिले कोरोना संक्रमित, 19 स्वस्थ होकर घर लौटे
पडरौना। कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच बृहस्पतिवार को जिले के लोगों के लिए राहत भरी खबर भी रही। एक तरफ 13 लोग संक्रमित मिले तो जिले के 19 लोग इलाज के बाद स्वस्थ होकर अपने घर आ गए। इनके परिवारीजनों और गांव-मोहल्ले के लोगों ने राहत की सांस ली।
वैसे तो मई के शुरुआती सप्ताह से ही कोरोना नाम की यह खतरनाक बीमारी अपने जड़ें फैलाती जा रही है। पांच मई को हाटा क्षेत्र की किशोरी के इस बीमारी की चपेट में आने के बाद शुरू हुआ सिलसिला लगातार बढ़ता जा रहा है। बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर से आई रिपोर्ट में बृहस्पतिवार शाम तक 13 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। ये लोग सिगहां, देवपोखर, अहिरौली बाजार, गोपालगढ़, जंगल घोरठ, बुढ़ंतवापुर, भड़सरखास, बिंदुआर और पडरौना के तिलकनगर मोहल्ला के निवासी हैं। जिला अस्पताल का एक स्वास्थ्यकर्मी भी संक्रमित मिला है। इन्हें लक्ष्मीपुर के एल-1 हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। प्रशासन ने मरीजों के गांव व मोहल्लों को हॉटस्पॉट घोषित कर सील करा दिया है।
सीएमओ डॉ. एनपी गुप्ता ने बताया कि 245 लोगों के सैंपल की रिपोर्ट में 13 संक्रमित मिले हैं। जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 450 हो गई है। इनमें एक्टिव केस 120 हैं। आठ मरीजों की मौत हुई है। बृहस्पतिवार को 19 मरीज ठीक भी हुए हैं। कुल स्वस्थ होने वालों की तादाद 322 हो गई है। हॉटस्पॉट होने के कारण 132 कंटेनमेंट एरिया सील हैं। उन्होंने बताया कि 182 नए संदिग्ध लोगों का सैंपल भेजा गया।