गोरखपुर-बस्ती मंडल में इस अक्तूबर के दो दिनों में जितनी बारिश हुई, उतनी पिछले 127 सालों में अक्तूबर के महीने में नहीं हुई थी। शुक्रवार रात से लेकर शनिवार सुबह 8:30 बजे तक करीब 193 मिलीमीटर बारिश हुई, वहीं शनिवार शाम तक 217.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इससे पहले इतनी बारिश 127 साल पहले दो अक्तूबर 1894 को हुई थी।
दरअसल बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय होकर शुक्रवार को दक्षिण बिहार के ऊपर पहुंच गया। इसके बाद आधी रात में यह गोरखपुर के ऊपर छा गया। इसकी वजह से गोरखपुर और बस्ती मंडल के सभी जिलों में बारिश हुई। शनिवार सुबह 8:30 बजे तक 24 घंटे के दौरान सबसे ज्यादा बारिश गोरखपुर में 193 मिलीमीटर दर्ज की गई। वहीं शाम तक 217.5 मिलीमीटर बारिश हो गई।
मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय ने बताया कि इस साल अब तक गोरखपुर में सामान्य से करीब 20 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है। जहां मानसून के दौरान गोरखपुर में औसत वर्षा 1216.5 मिलीमीटर होती है, वहीं शनिवार तक गोरखपुर में करीब 1454.5 मिलीमीटर बारिश हो गई। रविवार को भी हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई।
पिछले कुछ वर्षों में अक्तूबर में हुई भारी बारिश
वर्ष बारिश (मिमी) तारीख
2018 97.0 15
2014 115.0 15
2005 112.0 21
2001 67.0 03
1996 51.0 04
1991 50.0 05