पता गलत होने के कारण जिन आवेदकों के ड्राइविंग लाइसेंस अबतक उनके घरों तक नहीं पहुंचे हैं, उन्हें अपने संभागीय परिवहन कार्यालय में आधार कार्ड का सत्यापन कराकर दोबारा फीस जमा करनी होगी, जिसके बाद उनके लाइसेंस सही पते पर भेज दिए जाएंगे।
एआरटीओ प्रशासन श्याम लाल ने बताया कि पता गलत होने पर जिन आवेदकों के ड्राइविंग लाइसेंस घर पर नहीं पहुंच पाते हैं, वे मुख्यालय से हर माह की 7 व 21 तारीख को संभागीय परिवहन कार्यालय भेज दिए जाते हैं। कार्यालय में 1236 लाइसेंस मुख्यालय से वापस आए थे जिनमें से 234 आवेदकों ने अपना लाइसेंस प्राप्त कर लिया है। 1002 लाइसेंस अभी भी कार्यालय में रखे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि जिन आवेदकों को अपना डीएल नहीं मिला है, उन्हें आधार कार्ड लेकर कार्यालय आना होगा। यहां पते के प्रमाण की जांच के बाद द्वितीय लाइसेंस के लिए दोबारा फीस जमा करनी होगी। इसके बाद उनका लाइसेंस उनके सही पते पर भेज दिया जाएगा।