गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) की महायोजना-2031 के प्रारूप पर आई आपत्तियों की सुनवाई शुक्रवार से शुरू होगी। सुनवाई योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह के छोटे हॉल में होगी। जीडीए उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता वाली समिति सुनवाई करेगी। पहले दिन वन क्षेत्र से जुड़ी आपत्तियां करने वाले 100 आपत्तिकर्ताओं को बुलाया गया है।
जीडीए ने विस्तारित क्षेत्र को समाहित करते महायोजना 2031 तैयार की है। इसका प्रारूप प्रकाशित किया जा चुका है और उस पर आपत्तियां आमंत्रित की गईं थीं। करीब 11 हजार से अधिक लोगों ने आपत्ति की है। कई दिनों तक आपत्तियों को उनकी प्रवृत्ति के अनुसार अलग-अलग किया गया है।
समान प्रवृत्ति की आपत्तियां दर्ज कराने वाले लोगों को नोटिस भेजकर सुनवाई के लिए उपस्थित होने को कहा गया है। सभी आपत्तिकर्ताओं को योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह के छोटे हाल में बुलाया गया है। धीरे-धीरे आपत्तिकर्ताओं की संख्या बढ़ाई जाएगी।
जीडीए के सचिव उदय प्रताप सिंह ने बताया कि 15 कार्यदिवस में सुनवाई पूरी करने का लक्ष्य है। उसके बाद प्रारूप में संशोधन कर महायोजना को बोर्ड की स्वीकृति के लिए रखा जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद शासकीय समिति के पास भेजा जाएगा।