क्या है दावा?
देश के जाने-माने उद्योगपति मुकेश अंबानी के बेटे अनंत और राधिका मर्चेंट के प्री-वेडिंग के फोटो-वीडियो तेजी से वायरल हो रही है। फिल्म अभिनेता शाहरुख खान का एक वीडियो इसी कार्यक्रम बताकर साझा किया जा रहा है। वीडियो को साझा कर यूजर दावा कर रहे हैं कि बारात में शाहरुख खान की बेइज्जती करके उन्हें साइड कर दिया गया। अनु जैन नामक की एक्स यूजर ने कैप्शन में लिखा, 'शाहरुख खान की बेइज्जती तो देखो ...इसे कहते हैं औकात बताना। चल साइड में खिसक बे .. तेरे को खाली स्टेज पर नाचने के लिए रखा है..बारात में परिवार के लोग नाचते है...।'
इसी वीडियो को बीइंग सलमानिक्स नाम के एक्स यूजर ने साझा किया। वीडियो में वह हिस्सा अलग से जोड़ा गया था जिसमें मुकेश अंबानी और सलमान खान मिल रहे हैं। कैप्शन में लिखा, 'भाई की शख्सियत'।
पड़ताल
फिल्म अभिनेता के बारे में वायरल हो रहे वीडियो की पड़ताल की। शुरुआत मन हमने वीडियो के स्क्रीनग्रैब को रिवर्स सर्च किया। इस दौरान
एंटरटेनमेंट मैगजीन के फेसबुक पर ओरिजिनल वीडियो मिला जिसे जिसे मार्च 2019 में पोस्ट किया गया था। वीडियो के कैप्शन से पता चला कि वीडियो आकाश अंबानी की शादी समारोह का है। शाहरुख खान और रणबीर कपूर ने दूल्हे आकाश अंबानी के साथ बारात में डांस किया था।
अधिक जानकारी के लिए हमने
अमर उजाला के एंटरटेनमेंट डेस्क से संपर्क किया। यहां से हमें मार्च 2019 की एक रिपोर्ट मिली जिसके अनुसार आकाश अंबानी और श्लोका मेहता 9 मार्च 2019 को शादी के बंधन में बंधे थे। इससे पहले स्विट्जरलैंड में हुई प्री वेडिंग सेरेमनी में बॉलीवुड के बड़े-बड़े सितारों ने शिरकत की थी।
इस पार्टी में अर्जुन कपूर, मलाइका अरोड़ा, रणबीर कपूर, आमिर खान, शाहरुख खान, गौरी खान, आलिया भट्ट, हरभजन सिंह, युवराज सिंह और करण जौहर जैसे बड़े सितारे पहुंचे थे। इस प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन के कई वीडियो सामने आए थे।